केलांग (लाहौल-स्पीति)। आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला लाहौल-स्पीति पुलिस ने जिलेभर में विशेष नाका चेकिंग अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। अभियान का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और लोगों को आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक करना था। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष नाके और चेक पोस्ट स्थापित कर वाहनों की जांच की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लोगों से सहयोग की अपील भी की गई। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद करते हुए एकता, शांति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। लोगों को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देना समाज और देश की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। जिला पुलिस लाहौल-स्पीति ने कहा कि आम जनता और पुलिस के आपसी सहयोग से ही शांतिपूर्ण और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। पुलिस का यह अभियान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।