कुल्लू। प्रदेश सरकार पेंशनरों की अनदेखी कर रही है। पेंशनर लंबे समय से लंबित वित्तीय लाभों को देने की सरकार से मांग कर रहे हैं, लेकिन जायज मांगों को सरकार दरकिनार कर रही है।
पेंशनरों ने सरकार को 30 दिन का अल्टीमेटम दिया था, जिसका समय खत्म हो गया है। अब पेंशनर प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। जिला कुल्लू में हिमाचल पेंशनर फेडरेशन और अन्य पेंशनर संगठन मिलकर 20 फरवरी को रोष रैली निकालेंगे। यह बात फेडरेशन के प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर ने कही।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने राज्य स्तर पर 17 दिसंबर को पेंशनर दिवस कांगड़ा जिले के पालमपुर में मनाया था। इसमें प्रस्ताव पारित कर सरकार को डीए, एरियर, लीव इन कैशमेंट, चिकित्सा भत्ता आदि जारी करने के लिए 30 दिन का समय दिया गया था। यह समय अवधि पूरी हो गई है और सरकार ने मांगों को नहीं माना है।
ऐसे में पेंशनरों को मजबूरन सड़कों पर अपने हक के लिए उतरना पड़ रहा है। कहा कि 20 फरवरी को नेहरू पार्क सरवरी से ढालपुर मैदान तक पेंशनर रैली निकाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंंगे। संवाद