कुल्लू। जिले के 95 ग्रामीण डाकघरों में लगातार तीसरे दिन वीरवार को भी ताले लटके रहे। इस कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक संघ के बैनर तले जिले के ग्रामीण डाक सेवक अपनी सात सूत्रीय मांगों को मनमाने के लिए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
मुख्य डाकघर के परिसर में भी वीरवार को हड़ताल जारी रही। इसकी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में जनता के आवश्यक कामकाज प्रभावित हुए हैं। डाकघरों में ताले लटकने के कारण पोस्टल सेवाओं के अलावा पेंशन, सुकन्या आदि योजनाओं का कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। डाकघरों में पेंशन लेने आए बुजुर्गों और डाक लेकर पहुंचे लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
जिले में पिछले तीन दिनों से डाक सेवाएं प्रभावित चल रही हैं। ग्रामीण इलाकों से डाक न शहर और न शहरों से डाक ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रही है। वीरवार को ग्रामीण डाक सेवकों ने सरकार के खिलाफ ढालपुर में प्रदर्शन किया। डाक सेवकों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को मान नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
अखिल भारतीय ग्रामीण डाक सेवक कर्मचारी यूनियन कुल्लू के प्रधान सुजिंद्र ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदर्शन किया जा रहा है। कहा कि मुख्य मांग समान कार्य के लिए समान वेतन देने की है। संवाद