कुल्लू। जिले में त्योहारी सीजन में राशन लेना चुनौती बना हुआ है। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत ई पास मशीन से राशन वितरण की व्यवस्था लागू की गई है। जिन लोगों का अंगूठा मशीन में नहीं लग रहा, उनको प्रॉक्सी के जरिये राशन देने की व्यवस्था है।
इसके बाद भी ओटीपी से राशन नहीं मिल रहा है। मोबाइल पर ओटीपी आ रहा है। मशीन में ओटीपी दर्ज करने पर वह मैच नहीं हो रहा है, जो बढ़ी समस्या बना हुआ है। ऐसे में उपभोक्ताओं को राशन पाने के लिए डिपो के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। त्योहारी सीजन में यह समस्या अधिक बढ़ी है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बायोमीट्रिक मशीनों में अंगूठा न लगना समस्या बना हुआ है। वहीं मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद मैच न होना समस्या को और बढ़ा रहा है। इससे डिपो होल्डर समेत उपभोक्ताओं की समस्याओं में इजाफा हो रहा है।
हालांकि इस समस्या को तकनीकी बताया जा रहा है। कभी बिना परेशानी तो कभी राशन पाने के लिए उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ता रमन शर्मा, मोहन लाल, देवकी नंद, शकुंतला, द्रोपदी, मोनिका, रेशमा, अंजलि ने कहा कि मोबाइल पर ओटीपी आ रहा है, लेकिन मशीन में ओटीपी दर्ज करने पर वह मैच नहीं हो रहा है।
इस संबंध में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक शिव राम ने कहा कि मामला ध्यान में है। यह तकनीकी समस्या है। इसे दुरुस्त किया जा रहा है। डिपो होल्डर क्यूआर कोड से भी राशन कार्ड स्कैन कर राशन दे सकते हैं।