केलांग (लाहौल-स्पीति)। पटवार सर्कल दारचा और कोलांग के राजस्व अभिलेख, रजिस्टर एवं अन्य संलग्न दस्तावेजों को जांचा गया। उपमंडलाधिकारी केलांग कुनिका एकर्स ने शनिवार को राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ उपरोक्त दोनों पटवार सर्किल का निरीक्षण किया। लाहौल के तहसीलदार विकास कुमार व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पटवार सर्किलों की कार्यप्रणाली एवं राजस्व अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की। संबंधित ग्राम राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वह पटवार सर्किल में नियमित एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही उन्हें लंबित राजस्व कार्यों का समयबद्ध निस्तारण, जिसमें रक्बा‑परिवर्तन (म्यूटेशन), गिरदावरी‑संबंधी प्रविष्टियां एवं अन्य अभिलेख, नवीनतम औपचारिकताओं को शामिल करते हुए त्वरित रूप से करवाने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त सुव्यवस्थित, सही एवं नवीनतम अभिलेखों के रखरखाव तथा भूमि संबंधी सभी दस्तावेजों, नक्शों एवं रजिस्टरों की सुरक्षित रखवाली सुनिश्चित करने के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए गए।