कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल में मांगों को लेकर गेट मीटिंग करते डॉक्टर।-संवाद
कुल्लू। जिले में हिमाचल प्रदेश चिकित्सक संघ के आह्वान पर चिकित्सकों की हड़ताल नौवें दिन भी जारी रही। चिकित्सकों ने सुबह 09:30 से दोपहर 12:00 बजे तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और नागरिक अस्पतालों में सेवाएं बंद रखीं। वहीं, जिला स्तर पर चिकित्सक संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के परिसर में भी कलम छोड़ हड़ताल को जारी रखा। चिकित्सकों की ढाई घंटे की हड़ताल के कारण ओपीडी में मरीजों का उपचार दोपहर 12:00 बजे के बाद ही शुरू पाया। इससे मरीजों का मर्ज बढ़ गया। मरीजों को दर्द के बीच चिकित्सकों का ओपीडी के बाहर बैठकर इंतजार करना पड़ा। पिछले एक माह से चिकित्सक काले बिल्ले लगाकर ओपीडी में मरीजों का उपचार कर रहे थे, लेकिन मांगें न मानने पर अब कलम छोड़ हड़ताल कर रहे हैं।
जिला चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ. कल्याण ठाकुर ने कहा कि चिकित्सक लंबे समय से मांगों को मनवाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी से जिलेभर के सभी चिकित्सक मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। मुख्य मांगों में सभी नए मेडिकल ऑफिसरों को एनपीए प्रदान करना, अन्य राज्यों की तर्ज पर हिमाचल में भी सुनिश्चित कॅरिअर या गतिशील कॅरिअर प्रगति योजना को लागू करना है। इसके अलावा वरिष्ठता के आधार पर स्वास्थ्य विभाग में निदेशक की नियुक्ति करने, एड्स नियंत्रण सोसायटी के परियोजना निदेशक के पास एमबीबीएस योग्यता होने और यह प्रभार स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक या चिकित्सा बिरादरी के संयुक्त निदेशक को देने सहित अन्य कई मांगें शामिल हैं।