कुल्लू। पैराग्लाइडर से सेफ्टी बेल्ट खुलने से हुई पर्यटक महिला की मौत मामले में पर्यटन विभाग ने कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने वाले पैराग्लाइडर पायलट और ऑपरेटर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है।
मामले की जांच पूरी होने तक ये पैराग्लाइडिंग नहीं करवा सकेंगे। मामले में पुलिस के साथ न्यायिक जांच भी की जा रही है। दूसरी ओर सोमवार सुबह शव का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पोस्टमार्टम किया गया।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की ओर से शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। बीते रविवार को डोभी पैराग्लाइडिंग साइट में दोपहर को तेलंगाना की नव्या पत्नी पीसाई मोहन, हाउस नंबर 173, शिल्पा बी रूंडबना काॅलोनी, जाहिराबाद, जिला संगरीडी की पैराग्लाइडिंग के दौरान सेफ्टी बेल्ट खुलकर गिरने से मौत हो गई थी।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा ने कहा कि लापरवाही बरतने पर पायलट और ऑपरेटर का लाइसेंस सस्पेंड किया गया है। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद