केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल-स्पीति जिला की 32 पंचायतों और जिला परिषद के चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के लिए शुक्रवार को केलांग में चुनाव पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम केलांग प्रिया नागटा की अध्यक्षता में पूर्वाभ्यास किया गया। उन्होंने कहा कि लाहौल की 32 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्य के अलावा पंचायत समिति के 15, जिला परिषद के 10 वार्डों के लिए नामांकन पत्र भरने की तिथि 13, 14 व 15 सितंबर तय की गई है। छंटनी 16 सितंबर और नाम वापसी 18 सितंबर दोपहर बाद तीन बजे तक होगी। नागटा ने बताया कि पहले चरण का चुनाव 29 सितंबर और दूसरे चरण का चुनाव एक अक्तूबर को होगा। इस दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को डॉ. रणजीत वैद्य ने चुनावों में कोविड प्रोटोकॉल व सामाजिक दूरी के लिए की जाने वाली व्यवस्था की भी जानकारी दी। इस मौके पर सहायक आयुक्त रोहित शर्मा, तहसीलदार नरेंद्र, बीडीओ डॉ. विवेक गुलेरिया, जिला पंचायत अधिकारी व नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।