संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू की बंजार घाटी में सेब बागवानों से करीब साढ़े 10 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। बंजार के सजवाड़ गांव के 12 बागवानों ने पुलिस थाना में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिले में बागवानों के साथ सेब ठगी के मामले लगातार आ रहे हैं। इससे पहले भी बंजार की तीर्थन घाटी के बागवानों के साथ लाखों की ठगी की गई थी। हालांकि, बंजार के सजवाड़ गांव के बागवानों को सेब खरीद के बाद ठेकेदारों ने उन्हें चेक भी दिए थे, मगर वह बाउंस हो गए। जब बागवानों ने ठेकेदारों को पैसे को लेकर फोन किए तो उनके फोन बंद आ रहे थे। परेशान बागवानों ने अब बंजार पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। बागवानों ने पूरी डिटेल पुलिस को दी है। पीड़ित बागवान नीरत सिंह, गुलाब सिंह, डूर सिंह तथा वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ठेकेदारों ने अक्तूबर में शजवाड़ गांव के करीब एक दर्जन बागवानों का सेब खरीदा था। इस दौरान उन्होंने कुछ राशि भी दी, लेकिन दस लाख 40 हजार रुपये के कुछ बागवानों को चेक दिए गए। राशि निकालने के लिए जब वह बैंक गए तो खाते में राशि नहीं होने से चेक बाउंस हो गए। अब परेशान बागवानों ने ठगी का आरोप लगाते हुए पुलिस से जांच करने की मांग की है। उधर, पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस के पास शिकायत आई है और इसकी जांच की जा रही है।
--