खाद्य सुरक्षा परामर्श समिति की बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा परामर्श समिति की बैठक कुल्लू में हुई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्विनी कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने विभाग के अधिकारियों को खाद्य विक्रेताओं विशेषकर पर्यटन स्थलों में स्थित होटलों, ढाबों, खाद्य विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों के नियमित रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग को नमूने लेने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा। इसको लेकर जिले में अधिक जागरूकता शिविर लगाने पर भी बल दिया गया। समिति की सदस्य सचिव एवं सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा भावित टंडन ने बताया कि जिले में इस वर्ष 7044 खाद्य विक्रेताओं को पंजीकृत किया गया। जिले में इस वर्ष 233 लीगल जबकि 347 सर्विलांस नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत विभिन्न अदालतों में नियमों के उल्लंघन के 61 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि विभिन्न मामलों में दोषी विक्रेताओं पर 6.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुनयना शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं समिति के उपाध्यक्ष डॉ. नागराज पवार, व्यापार मंडल के अध्यक्ष मदन सूद, पैटर्न दिनेश सेन, होटल एसोसिएशन मनाली के प्रधान मुकेश राकुर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीम सिंह, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।