भुंतर स्कूल में शिक्षक ड्रैस कोड में पहुंचे।-संवाद
भुंतर (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्देशों और शिक्षा विभाग की नीति के तहत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर के सभी अध्यापकों ने निर्धारित ड्रेस कोड अपना लिया है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं पहले से ही निर्धारित यूनिफॉर्म में स्कूल पहुंच रहे हैं। अब अध्यापकों ने भी निर्धारित यूनिफॉर्म पहनना शुरू कर दी है। स्कूल प्रशासन के अनुसार शिक्षकों ने सरकारी निर्देशों के सम्मान के साथ-साथ स्कूल में अनुशासन और समानता का संदेश देने के उद्देश्य से ड्रेस कोड अपनाया है। इससे विद्यालय में शिक्षकों के बीच एकरूपता और पेशेवर भावना को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानाचार्य तिलक राज ने कहा कि सरकार के निर्देशों के तहत शिक्षकों की ओर से यूनिफॉर्म अपनाना स्कूल प्रशासन और शैक्षणिक माहौल के लिए सकारात्मक कदम है। इससे विद्यार्थियों में भी अनुशासन और विद्यालय के प्रति गर्व की भावना को बल मिलेगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को भी बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षकों के ड्रेस कोड का पालन करने से स्कूल में एकसमान और व्यवस्थित वातावरण बना है।