कुल्लू। लगघाटी में बादल फटने से शहर को 24 घंटे पेयजल उपलब्ध करवाने वाली योजना बंद हो गई है। शेताफाट ट्रीटमेंट प्लांट तक आने वाली पेयजल लाइन कई जगह क्षतिग्रस्त हुई है, जिस वजह से पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। कुल्लू शहर को ढालपुर ट्यूबवेल और खलाडा नाला जैसे वैकल्पिक स्रोतों से अस्थायी रूप से पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। वहीं, शहर के ऊपरी क्षेत्रों चामुंडा नगर, बाला बेहड़, अपर ढालपुर, गांधी नगर और शास्त्री नगर जैसे इलाकों में पेयजल की कमी होने की आशंका है। यदि आवश्यक हुआ तो विभाग प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करेगा। जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता अंकित बिष्ट ने कहा कि लगघाटी में बादल फटने की घटना से जलशक्ति विभाग की पेयजल लाइन टूट गई है, इसे दुरुस्त करने में समय लगेगा। कालंग से शेताफाट तक की ग्रेविटी पाइप लाइन, सुम्मा गांव में नाले के ऊपर से गुजरने वाला पैदल पुल भी पाइपों और सहायक उपकरणों के साथ बह गया है। इससे समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।