कुल्लू। जिला कुल्लू के शिक्षा खंडों में नियुक्त किए गए नए शिक्षकों के लिए इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में शिक्षक पढ़ाने की कला सीख रहे हैं।
साथ ही शिक्षा विभाग, समग्र शिक्षा की योजनाएं, कार्यक्रम और नई शिक्षा नीति के सिद्धांत भी जान रहे हैं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कुल्लू में शिक्षा खंड आनी और निरमंड के शिक्षकों को 25 से 30 सितंबर तक प्रशिक्षण मिलेगा। इस अंतिम प्रशिक्षण कार्यशाला में वे शिक्षक भी शामिल होंगे, जो पिछली दो कार्यशालाओं में किसी कारणवश अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करवा पाए हैं।
इससे पहले जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कुल्लू में दो इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। उनमें शिक्षा खंड-कुल्लू-एक, कुल्लू-दो, बंजार और सैंज के करीब 100 अध्यापक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं।
अब अंतिम कार्यशाला में शिक्षा खंड आनी और निरमंड के शिक्षक शामिल रहेंगे। संस्थान के प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि 11 से 30 सितंबर तक डाइट में तीन कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। कहा कि 25 से 30 सितंबर तक चलने वाली इस अंतिम कार्यशाला में करीब 40 शिक्षक प्रशिक्षण लेंगे। संवाद