हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम में कार्यरत जिला के कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम कर्मचारी संघ कुल्लू मनाली के अध्यक्ष डोब राम चौहान ने कहा कि विभाग उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। कर्मचारियों को समय पर न तो वेतन और न ही अन्य वित्तीय लाभ दिए जा रहे हैं। जबकि, स्टाफ की कमी के चलते उनसे अतिरिक्त काम लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित कार्यकाल पूरा कर चुके कर्मचारियों को नियमित किया जाए। वहीं, विभाग के होटलों के काम का ठेका सिर्फ एक ही ठेकेदार को दिया जाता है, उसे बंद किया जाए। खुले तौर पर निविदाएं आमंत्रित की जाएं। अगर विभाग ने कर्मचारियों की मांगें नहीं मानीं तो प्रदेश स्तर पर विभाग के खिलाफ मुखर होकर हल्ला बोला जाएगा। इस दौरान संघ के उपप्रधान नरेश कुमार, खेम चंद, रोयलू राम, महासचिव देवेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष निर्मल आदि मौजूद रहे।