कुल्लू के डाईट सेंटर में प्री पाइमरी अध्यापको के लिए आयोजित कार्यशाला।-संवाद
कुल्लू। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कुल्लू में प्री-प्राइमरी शिक्षकों के लिए इंडक्शन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें शिक्षा विभाग में भर्ती नए शिक्षक एनसीईआरटी, एससीईआरटी, डाइट, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की खूबियां जानेंगे। इसके अलावा नौनिहालों को नई शिक्षा नीति-2020 के तहत कैसे शिक्षित और हर क्षेत्र में दक्ष बनाना है, इसका प्रशिक्षण भी लेंगे।
पहले दिन मंगलवार को शिक्षकों को परिचय सत्र के उपरांत स्रोत व्यक्ति जीत राणा ने शिक्षा के संगठनात्मक ढांचे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को एनसीईआरटी, एससीईआरटी, डाइट, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की शिक्षा में भूमिका के बारे में समझाया।
उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा विभाग की प्रशासनिक संरचना, शिक्षा के क्षेत्र में विभिन्न अभियानों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के आधार पर विभिन्न बिंदुओं पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में डाइट के प्रधानाचार्य डॉ. अमित मेहता ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों और शिक्षा क्षेत्र में होने वाले बदलावों पर शिक्षकों को जानकारी प्रदान की।
समन्वयक शमशेर ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला में 62 प्री-प्राइमरी शिक्षक शिक्षा को बेहतर बनाने के गुर सीखेंगे। संवाद