उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जाहलमा नाले में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क का जिला प्रशासन ने निरीक्षण किया। उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भडाना ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को जल्द से जल्द मार्ग बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को देखते हुए पोलिंग पार्टियों, चुनाव कर्मचारियों और मतदान सामग्री की सुरक्षित व समय पर आवाजाही प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन और बीआरओ मिलकर युद्धस्तर पर सड़क बहाली का काम कर रहे हैं, ताकि लोगों और जरूरी सेवाओं को कम से कम परेशानी हो।