सैंज (कुल्लू)। सूबे में 12 अगस्त से 12 अक्तूबर तक राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन और स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर एचआईवी के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सैंज काॅलेज में जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इसमें काॅलेज विद्यार्थियों ने सैंज बस अड्डे पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया और लोगों को एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से एड्स के फैलने और इसके बचाव का संदेश दिया। कॉलेज प्राचार्या डॉ. सुजाता ने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों में एचआईवी एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज में सही जानकारी का प्रचार करना है। इससे पहले उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर एंड रेंजर और महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।