हिमाचल पथ परिवहन केलांग क्षेत्र की वर्कशाप,आवासीय परिसर,कार्यालय तथा बस अड्डा का निरीक्षण करते
केलांग (लाहौल-स्पीति)। हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक रोहन ठाकुर ने वीरवार को लाहौल का दौरा किया। उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन केलांग की कर्मशाला, आवासीय परिसर, कार्यालय तथा बस अड्डा का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने केलांग में निगम के कर्मचारियों के लिए नई आवासीय कॉलोनी और कर्मशाला बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बस अड्डा केलांग में खाली स्थान में छोटी गाड़ियों के लिए पार्किंग बनाने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए।
निगम के प्रबंध निदेशक ने कोकसर स्थित परिवहन निगम की उपलब्ध जमीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र में कार्यरत परिवहन निगम के कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं।
इस मौके पर मंडलीय प्रबंधक विनोद ठाकुर, उप मंडलीय प्रबंधक यातायात देवासेन नेगी तथा बस अड्डा प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता मदन चौहान, क्षेत्रीय प्रबंधक केलांग राधा देवी तथा परिवहन कर्मचारी महासंघ इंटक के प्रदेश अध्यक्ष उमेश शर्मा मौजूद रहे। संवाद