कुल्लू। दिवाली के लिए जिले के बाजार सज गए हैं। 12 नवंबर को जिले में पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) ने इस बार ग्रीन दिवाली मनाने के आदेश दिए हैं।
प्रशासन ने भी पटाखे बेचने के लिए लोगों को लाइसेंस जारी किए हैं। जिला मुख्यालय कुल्लू में 75 लोगों को पटाखे और आतिशबाजी बेचने के लिए लाइसेंस दिए हैं। शुक्रवार को कम ही लोगों ने दुकानें लगाईं। ग्रीन दिवाली में प्रदूषण वाले पटाखों की बिक्री न हो, इसके लिए पुलिस की टीमें नजर रखेंगी।
इसके लिए प्रशासन ने जगहों को भी चिह्नित किया है। दिवाली में दुकानदार भी ग्राहकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के ऑफर दे रहे हैं। दिवाली की पूर्व संध्या पर कुल्लू, मनाली, बंजार और अन्य स्थानों पर मिठाई, मिट्टी के दीये, इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी।
कुल्लू शहर के रथ मैदान में पटाखे तथा अन्य सामान सरवरी, अखाड़ा बाजार, भुंतर की दुकानों में मिलेगा। दिवाली में घर दीये से रोशन हों इसके लिए मिट्टी के बने दीयों को भी खूब ब्रिकी हुई। ढालपुर में दीये बेचने वाले राम लाल तथा वेद राम ने कहा कि लोगों में कुछ बदलाव आ रहा है।
प्रदूषण रहित दिवाली मनाने के लिए मिट्टी के दीये खरीद रहे हैं। पर्यावरणविद किशन लाल व अभिषेक राय ने कहा कि प्रदूषण को देखते हुए लोगों को किसी भी तरीके के पटाखे जलाने से परहेज करना चाहिए।
आग की घटनाओं को लेकर अग्निशम विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। अग्निशमन वाहन और कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने कहा कि ग्रीन पटाखे से दिवाली मनाने के लिए पुलिस की टीमें मुस्तैद रहेंगी।
.........
बारिश से डाला खलल
ढालपुर में दशहरा को सजे बाजार में शाम के समय हुई झमाझम बारिश ने दुकानदारों के कारोबार में खलल डाला है। बारिश से ढालपुर मैदानों में कीचड़ होने से व्यापारियों के साथ सामान खरीदने आए लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक मौसम में आए बदलाव से जिले में ठंड भी एकाएक बढ़ गई है।
000