बंजार में बस स्टेड के समीप पहाड़ीसे हो रहा भूस्खलन।-संवाद
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल मुख्यालय स्थित नया बस अड्डा के पास शुक्रवार को पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। इस कारण एनएच-305 पर मलबा और पत्थर गिरे हैं। ऐसे में आठ घंटे से अधिक समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग में वाहनों की आवाजाही बंद रही। जानकारी के अनुसार यहां सुबह के समय पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हो गया और मार्ग बंद पड़ गया। जानकारी मिलने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने मौके पर मशीनें भेजी और मार्ग को दोपहर 12 बजे तक बहाल करवाया। मार्ग बंद होने से सुबह के समया लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहीं और इससे बसों की आवाजाही में भी दिक्कत हुई। हादसे के वक्त कुछ लोगों ने भागकर जान बचाई। हालांकि यहां किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है लेकिन सरकार और निजी संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। भूस्खलन के कारण एनएच किनारे टैक्सी यूनियन के कार्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। यहां सड़क किनारे टैक्सी यूनियन ने टीन का शेड बना रखा था और इसके भीतर रखा सामान भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बस अड्डा परिसर में भी मलबा और पत्थर गिरे हैं। अब यहां गिरे मलबे को हटाने का कार्य चल रहा है। अभी भी यहां पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। पहाड़ी से गिर रहे पत्थर और मलबे से साथ लगी दुकानों और घरों को भी खतरा बना हुआ है। मलबे से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है।