कुल्लू की बंजार घाटी के पेड़चा-गाड़ागुशैणी सड़क का सर्वे करते लोनिवि के अधिकारी। संवाद।
जिभी/बंजार (कुल्लू)। बंजार से गाड़ागुशैणी के बीच का सफर अब छोटा और आरामदायक होगा। बंजार से गाड़ागुशैणी सड़क सर्दी में भी खुली रहेगी। लोक निर्माण विभाग ने पेड़चा से गाड़ागुशैणी के बीच करीब 4,700 मीटर सड़क निर्माण का सर्वे शुरू कर दिया है, जबकि बंजार-शिल्ह-पुजाली से पेड़चा तक 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण पहले ही चुका है।
यह नया मार्ग बंजार-जिभी-गाड़ागुशैणी का विकल्प होगा और दूरी भी नौ किलोमीटर कम हो जाएगी। वर्तमान में बंजार-गाड़ागुशैणी मार्ग 28 किलोमीटर है और करीब 20 किमी के दायरे में सर्दी के मौसम में बर्फ रहती है। इस बीच आने वाले डिमनचैहड़ी नाला से भी राहत मिलेगी। जहां कई दिनों बर्फ रहने से यातायात बंद हो जाता है। मगर बंजार-पुजाली-पेड़चा-गाड़ागुशैणी सड़क 12 माह खुला रहेगा।
इसे न केवल छतरी, आनी, रामपुर, करसोग व अन्य इलाकों के लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि बंजार और मंडी जिले के सराज के हजारों लोगों को भी उपमंडल बंजार और जिला मुख्यालय पहुंचने में आसान होगी। अभी तक इन क्षेत्रों के लोगों को बर्फ में जिभी तक पैदल पहुंचना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग ने उपरोक्त मार्ग को सर्वे बुधवार से शुरू कर दिया है, इसके बाद सड़क निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रोशन लाल ठाकुर ने कहा कि सड़क के लिए एफआरए को मंजूरी मिल गई है, जबकि एफसीए और डीपीआर की प्रक्रिया मार्च माह में ही शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क का सर्वे का काम शुरू हो गया और पूरा होने के बाद इसकी अगली प्रक्रिया तेज की जाएगी।