पतलीकूहल के बैंची में लगी आग को बुझाने में जुटे फायर कर्मी।-संवाद
रायसन के बैंची गांव में काष्ठकुणी शैली का मकान राख
रात के समय मकान में भड़की आग से मची अफरा-तफरी
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। विकास खंड नग्गर के तहत रायसन से सटे बैंची गांव में मंगलवार देर रात ढाई मंजिला काष्ठकुणी शैली में बने मकान में आग लग गई। मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। आग लगने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने मौके पर इकट्ठा होकर अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीम कुल्लू से बैंची गांव पहुंची लेकिन मकान सड़क से दूर होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। विभाग की टीम और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया और साथ लगते मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। दमकल प्रभारी कुल्लू प्रेम भारद्वाज ने कहा कि पन्ना लाल और चमन लाल पुत्र स्वर्गीय परसराम का संयुक्त मकन आग लगने के कारण मकान और सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।