कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा की चौथी सांस्कृतिक संध्या पंजाबी गायक शिवजोत के नाम रही। शिवजोत ने पंजाबी गीतों पर खूब धमाल मचाया। एक से बढ़कर एक गीत पेश कर शिवजोत ने दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक कलाकार विक्की राजटा, अनुज शर्मा और हेमराज भारद्वाज ने भी बेहतरीन प्रस्तुति दी।
कलाकेंद्र के मंच पर विदेशी रंग भी नजर आया। ताइवान और किर्गीस्तान के सांस्कृतिक दलों ने अपनी संस्कृति की झलक पेश की। सांस्कृतिक संध्या में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। चौथी सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत कुल्लवी नाटी से हुई। हनोगी की सृष्टि ठाकुर, एके अनुपम, खूब राम कपूर, बदाह के करन कुमार ने गीत पेश किया।
बठाहड़ के रजनीश ठाकुर, कल्पना गौतम ने शानदार प्रस्तुति दी। वहीं कुल्लू की चांदनी, मंडी जिले के सांस्कृतिक दल और कुल्लू के सूत्रधार कला संगम दल ने नृत्य पर प्रस्तुति देकर दर्शकों की तालियां बटोरीं। चौंग गांव के खूब राम, जरी के जतिन नेगी, मंजीता, रमेश कटोच, मनीषा चोपड़ा, संजय कांडा और हेमंत शर्मा की प्रस्तुतियां भी बेहतरीन रहीं।
दिन के समय प्रदर्शनी मैदान में लगे अतिरिक्त मंच में हारमनी ऑफ द पाइंस पुलिस बैंड के कलाकारों ने देशभक्ति गीत पर दर्शकों में जोश भर दिया। हारमनी ऑफ द पाइंस की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा। इस दौरान मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, उपायुक्त आशुतोष गर्ग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद