कुल्लू। मूल रूप से कुल्लू की निवासी और वर्तमान में इटली की नागरिक बिंदिया सूद इन दिनों अपने गृह जिला पहुंची हुई हैं। यहां आते ही उन्होंने बेसहारा पशुओं की सेवा का जिम्मा उठाया और गोसेवा के माध्यम से समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। पशुओं के प्रति गहरी संवेदनशीलता रखने वाली बिंदिया सूद ने कार सेवा दल संस्था से संपर्क किया। इसके बाद वह संस्था की एंबुलेंस में सवार होकर विभिन्न स्थानों पर पहुंचीं और बेसहारा पशुओं को गुड़, पशु आहार और हरी सब्जियां खिलाईं। उनके इस सराहनीय कार्य की संस्था के सदस्यों ने भी प्रशंसा की। कार सेवा दल के अध्यक्ष मनदीप सिंह ने कहा कि समाज के अन्य लोगों को भी इस तरह की सेवा गतिविधियों में आगे आना चाहिए, ताकि बेसहारा पशुओं को सहारा मिल सके। संवाद