लाहौल- स्पीति के विधायक रवि ठाकुर उदयपुर में एक करोड़ 60 लाख रुपयों की लागत से निर्मित राजस्व स
उदयपुर (लाहौल- स्पीति)। लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने शुक्रवार को उदयपुर में 1.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजस्व सदन भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि राजस्व सदन भवन के बन जाने से राजस्व विभाग के कर्मचारियों तथा पटवारियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रशिक्षुओं को ठहरने की व्यवस्था होगी।
विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासन के एक साल के कार्यकाल में लाहौल-स्पीति जिले में अभूतपूर्व विकास हुआ है। मयाड़ घाटी लाहौल घाटी का अति दुर्गम क्षेत्र है और इसमें चिमरेट और तिंगरेट पंचायतें आती हैं। मुख्य संपर्क सड़क कई हिस्से से खराब पड़ी है जिसे ठीक करने आवश्यकता थी।
इस सीजन में उदयपुर जीरो प्वाइंट से खंजर तक 30 किमी लंबी सड़क के 11 किलोमीटर हिस्से में टारिंग कर चकाचक कर दिया है।कहा कि उदयपुर में 5.5 करोड़ की लागत से बन रहे आईटीआई के छात्रावास को अगले वर्ष तैयार कर लिया जाएगा। इससे आईटीआई के विद्यार्थियों को छात्रावास की सुविधा मिलेगी।
इसमें लैब सहित अन्य सुविधाएं भी रहेंगी। इसके बाद विधायक रवि ठाकुर ने उदयपुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उदयपुर के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करने के साथ आगामी लोकसभा चुनाव पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर उपमंडलाधिकारी उदयपुर केशव राम कोली, लोक निर्माण विभाग चिनाव मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा, सहायक अभियंता दुष्यंत पाल, परियोजना अधिकारी सोनू गोयल, जिप सदस्य दोरजे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद