व्यापार मंडल सैंज ने दिया अल्टीमेटम, डीसी को ज्ञापन भी भेजा
एलान... 13 नवंबर को मंडल सैंज बाजार में करेगा विरोध प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। बाजार के दोनों छोर को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत न होने से कारोबारियों और खरीदारों को परेशानी हो रही है।
करीब चार माह से अधिक का समय बीतने के बाद भी बादल फटने से बाढ़ की चपेट में आई सड़क को यातायात के लिए बहाल नहीं किया गया है। ऐसे में अब व्यापार मंडल सैंज ने जिला प्रशासन को दस दिनों का अल्टीमेटम दिया है। मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को तहसीलदार सैंज के माध्यम से उपायुक्त को ज्ञापन भेजा। इसमें सैंज बाजार को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त सड़क का कार्य 10 दिनों के भीतर शुरू करने की मांग की गई है। यह भी स्पष्ट किया है कि कार्य आरंभ न होने की सूरत में व्यापार मंडल आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। व्यापार मंडल सैंज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलदेव ने कहा कि पिछले चार माह से सैंज बाजार को जोड़ने वाली सड़क क्षतिग्रस्त है जिसका मरम्मत कार्य लोक निर्माण विभाग ने शुरू नहीं किया है। इससे आम जनता और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दस दिनों के भीतर कार्य शुरू नहीं किया तो 13 नवंबर को व्यापार मंडल सैंज धरना-प्रदर्शन करेगा। इस दौरान महासचिव लीलाधर चौहान, बुद्धि सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष वीना, रेणू, खेमचंद सोनी, दीवान नेगी, निधि सिंह आदि उपस्थित रहे।