कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में हुए दूरवीन से सफल सर्जरी।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। कुल्लू के मरीजों को हर्निया का ऑपरेशन करवाने के लिए मेडिकल कॉलेजों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब हर्निया के दूरबीन से ऑपरेशन होंगे। मरीजों को घरद्वार पर उपचार की बेहतर सुविधा मिलेगी। अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 63 वर्षीय मरीज सोभा राम का सफल ऑपरेशन किया है। इससे पहले मरीजों को हर्निया का ऑपरेशन करवाने के लिए आईजीएमसी शिमला, मेडिकल कॉलेज टांडा और नेरचौक के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब मरीजों को जिला के बाहर उपचार करवाने के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि हर्निया की शिकायत होने पर लगघाटी के झकडेल गांव के सोभा राम को उपचार के लिए 25 नवंबर को भर्ती किया गया था। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीज को बताया कि हर्निया का ऑपरेशन वह अस्पताल में ही करेंगे। मरीज और परिजनों की अनुमति के बाद 28 नवंबर को डॉ. आशीष धीमान, डॉ. सम्राट की टीम ने बुजुर्ग का सफल ऑपरेशन किया। वहीं, मरीज सोभा राम ने कहा कि वह दो बार मेडिकल कॉलेज नेरचौक और एक बार आईजीएमसी शिमला उपचार करवाने गए, लेकिन कुल्लू में ही ऑपरेशन होने से उनका खर्चा बचा है।
कुल्लू में पहली बार हर्निया का दूरबीन से ऑपरेशन किया गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के साथ स्टाफ नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का भी सफल ऑपरेशन में पूरा सहयोग मिला है। मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है, जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी।
- डॉ. आशीष धीमान सर्जन
जिला कुल्लू के अलावा जिला लाहौल-स्पीति, मंडी और चंबा के कुछ क्षेत्रों के मरीजों को अब हर्निया के उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। कुल्लू अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुशल टीम सेवाएं दे रही हैं। मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा प्रदान करने के प्रयास जारी हैं।
-डॉ. नरेश, चिकित्सा अधीक्षक