कुल्लू। जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम चलाया जाएगा। पांचों चिकित्सा खंडों में 24 जुलाई तक यह कार्यक्रम चलेगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीमें संबंधित क्षेत्रों की पंचायतों, स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में जाकर लोगों को परिवार नियोजन को अपनाने के फायदों से अवगत करवाएंगी।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। हर एक टीम में स्वास्थ्य शिक्षक, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक और आशा वर्कर को शामिल किया गया है। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सा खंड जरी, नग्गर, बंजार, आनी और निरमंड खंड में परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य कर्मी परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे।
इसके अलावा इच्छुक महिला और पुरुष अस्पतालों में आकर परिवार नियोजन करवा सकते हैं। हालांकि परिवार नियोजन स्थायी और अस्थायी दोनों तरह से किया जा सकता है। यह इच्छुक महिला और पुरुष पर निर्भर रहेगा।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम में केवल जनसंख्या नियंत्रण ही नहीं, बल्कि माता और शिशु की जान बचाने और उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। संवाद