न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी में एक बार फिर ओलावृष्टि का कहर बरपा है। इससे किसानों-बागवानों को बार-बार नुकसान हो रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि घाटी में एक हफ्ते के अंदर तीसरी बार ओलावृष्टि हुई है। इससे उनकी फसलों को बार-बार क्षति हुई है। खासकर घाटी की देहुरीधार, शैंशर, शांघड़ और गाड़ापारली पंचायत क्षेत्रों में लोगों की फसलों को भारी क्षति हुई है। लोगों का कहना है कि पहले 6 मई को ओलावृष्टि ने उनकी फसलों को तहस-नहस किया और जो बची फसल थी, वह 12 मई को एक बार फिर से ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई। बुधवार यानी 13 मई को फिर से हुई ओलावृष्टि ने अब पूरी तरह से किसानों-बागवानों की कमर तोड़ दी है।