लाहौल के त्रिलोकी नाथ मदिंर में दर्शन के लिए पहुंचे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल।-संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने लाहौल-स्पीति में मृकुला देवी और भगवान त्रिलोकीनाथ के दर्शन किए। राज्यपाल का चौपर उदयपुर हेलीपैड में लैंडिंग हुआ। पत्नी के साथ पहुंचे राज्यपाल ने पहले उदयपुर स्थित विश्व विख्यात मृकुला देवी मंदिर में माता के दर्शन किए। उसके बाद वह सड़क मार्ग होते हुए बुधवार सुबह करीब 11:00 बजे त्रिलोकनाथ पहुंचे जहां उन्होंने शिवलिंग में जलाभिषेक किया और बाद में भगवान त्रिलोकीनाथ की पूजा-अर्चना की। इस दौरान राज्यपाल काफी भावुक नजर आए। इससे पहले उदयपुर और त्रिलोकनाथ पहुंचने पर महिला मंडलों ने राज्यपाल और उसकी पत्नी का भव्य स्वागत किया। उन्होंने मंदिर के इतिहास के साथ क्षेत्र की समस्याओं को भी जाना।
उदयपुर पंचायत प्रधान लक्ष्मण ठाकुर सहित उदयपुर और सलपट गांव की महिला मंडल राज्यपाल से मिले और क्षेत्र की समस्याओं को उनके समक्ष रखा गया। उन्होंने लाहौल में सर्दियों में उपयोग की जाने वाली बालन लकड़ी में सब्सिडी देने पर उन्हें पत्र भी सौंपा। पत्र में कहा गया कि सर्दी के दिनों बर्फबारी में माइनस तापमान में ठंड से बचने के लिए बालन लकड़ी का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने सब्सिडी को बंद कर दिया है। वहीं, लाहौल में तैनात कर्मचारियों को बालन लकड़ी खरीदारी में हजारों रुपये खर्च करने होंगे। उन्होंने सरकार से इस पर सब्सिडी दिलवाने,उ दयपुर क्षेत्र के स्कूलों में रिक्त चल रहे अध्यापकों की तैनाती और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग रखी है। त्रिलोकनाथ मंदिर दर्शन के बाद राज्यपाल सड़क होते हुए केलांग पहुंचे जहां अधिकारियों के साथ बैठक की और अटल टनल रोहतांग के रास्ते मनाली के सासे पहुंचे और चौपर में शिमला के लिए रवाना हो गए हैं। राज्यपाल ने भरोसा दिलाया है कि वह उनकी समस्या को सरकार के समक्ष जरूर रखेंगे। इस मौके पर उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी और एसडीएम उदयपुर केशव राम सहित क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने खरीदी सीबकथॉर्न की बोतल
उदयपुर। मयाड़ घाटी के रिगजिन छोड़ोन ने उदयपुर में राज्यपाल के आगमन पर सीबकथाॅर्न सहित कुछ उत्पादों के स्टाल लगाए थे। रिगजिन छोड़ोन ने राज्यपाल को सीबकथाॅर्न जूस के फायदे बताए और उन्होंने राज्यपाल को जूस की एक बोतल प्रदान की। वहीं, राज्यपाल ने रिगजिन छोड़ोन से सीबकथाॅर्न की एक बोतल भी खरीदी।