कुल्लू में कोरोना वैक्सीन की डोज लगवाता युवक।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिले में 3,43, 992 लोगों को कोरोना की एहतियाती खुराक (बूस्टर डोज) जल्द मुफ्त में लगाई जाएगी। इसके लिए सरकार विशेष अभियान चलाएगी। इसकी सभी तैयारियां स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी हैं। अब स्वास्थ्य विभाग डाटा एकत्रित करने में जुटा है। इसकी रिपोर्ट तैयार करने के बाद टीका अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
वर्तमान में स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर, 60 वर्ष या फिर उससे अधिक आयु वालों के लिए ही तीसरी खुराक निशुल्क लगाई जा रही है, लेकिन अब केंद्र सरकार ने 18 से ऊपर के सभी आयु वर्ग के लिए एहतियाती खुराक को मुफ्त कर दिया है, जबकि पहले एहतियाती खुराक के लोगों को पैसे चुकाने पड़ रहे थे। अब स्वास्थ्य विभाग पहले चरण में 18 से 59 साल वाले युवाओं और लोगों को कोरोना बचाव की एहतियाती खुराक लगाएगा, जो क्षेत्रीय अस्पतालों समेत स्वास्थ्य केंद्रों में लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी। हालांकि अभी प्रदेश सरकार की ओर स्वास्थ्य विभाग को एहतियाती खुराक लगाने के निर्देश नहीं मिले हैं, लेकिन मुफ्त खुराक को लेकर शुरू होने वाले अभियान के लिए तैयारियों के निर्देश मिल गए हैं। इसके आधार पर अब विभाग तैयारियों में जुट गया है। उधर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दोरजे अंगरूप ने बताया कि 18 साल से ऊपर के आयु वर्ग के लिए मुफ्त लगने वाली एहतियाती खुराक की तैयारियां विभाग ने शुरू कर दी हैं। इसकी रिपोर्ट बनाई जा रही है। उच्च अधिकारियों के निर्देश मिलने पर अभियान को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूसरी खुराक लेनेे के छह माह बाद 18 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग का कोई भी व्यक्ति एहतियाती खुराक ले सकता है।
495 आशा वर्करों ने घर-घर जाकर बनाई है सूची
कुल्लू जिले में 495 आशा वर्करों ने घर-घर जाकर एहतियाती खुराक न लगवाने वाले लोगों की सूची बनाई है। इसका डाटा विभाग के पास पहुंच गया है। बता दें कि जिले में लंबे समय से वैक्सीनेशन अभियान धीमा पड़ गया है। युवा और अन्य लोग भी वैक्सीन लगवाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे थे। इस कारण कोरोना के मामलों में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। जिससे संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा बढ़ रहा है। अब ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर जाकर एहतियाती खुराक न लगवाने वाले लोगों की सूची तैयार की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र शर्मा ने बताया कि एहतियाती खुराक लगवाने के अभी आदेश नहीं मिले हैं, लेकिन तैयारियां शुरू कर दी हैं।