भुंतर/कुल्लू। पूर्व मंत्री लाल चंद प्रार्थी की जयंती को भुट्टिको के सभागार में भी मनाया गया। भुट्टिको के अध्यक्ष एवं पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर सहित सभा निदेशक मंडल के सदस्यों और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर याद किया। सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि दिवंगत लाल चंद प्रार्थी 1966 में प्रदेश सरकार में पहले लोकसंस्कृति और सहकारिता मंत्री बने। उन्होंने लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। प्रार्थी कुल्लू जिला ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में एक दूरदर्शी जनसेवक के रूप में याद किए जाते हैं। इस अवसर पर भुट्टिको के उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर, मोहर सिंह, निर्मला देवी, विजय ठाकुर, मुख्य सलाहकार रमेश ठाकुर, रूप सिंह सहित किशन चंद उपस्थित रहे। वहीं ब्राह्मण सभा ने भी शेरे लालचंद प्रार्थी को किया याद और प्रार्थी की 108वीं जयंती ढालपुर स्थित प्रदर्शनी मैदान में मोहनी के वृक्ष के पास मनाई गई। मंत्रोच्चारण के साथ यहां पर प्रार्थी के स्मृति चिह्न पर फूल भी अर्पित किए गए तथा हवन पाठ किया गया। ब्राह्मण सभा ने उन्हें और उनके कार्यों को याद किया। ब्राह्मण सभा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन गौतम ने कहा कि वह प्रदेश के पहले भाषा एवं संस्कृति मंत्री रहे और उन्होंने यहां की स्थानीय बोली का उत्थान किया।