कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में दिन के समय लालचंद प्रार्थी कला केंद्र में लोक नृत्य दलों की प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता रोजाना सुबह 10:00 बजे से शुरू होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले लोक नृत्य दलों के लिए मानक निर्धारित किए गए हैं, जिनके अनुसार लोक नृत्य दलों में कलाकारों की संख्या 22 से ज्यादा नहीं होगी। इसमें दल के गायक, वादक और नर्तक भी शामिल होंगे। लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रदर्शन की अवधि सिर्फ 10 से 12 मिनट तक ही होगी (प्रतियोगिता में पारंपरिक नृत्य, गीत एवं वादन ही प्रस्तुत किया जाएगा। संबंधित दल अपने ही क्षेत्र में प्रचलित नृत्य, गीत और संगीत प्रस्तुत करेगा। यह बात जिला भाषा अधिकारी कुल्लू प्रोमिला गुलेरिया ने कही। उन्होंने कहा कि नृत्य दलों द्वारा परंपरागत वाद्य यंत्रों का ही प्रयोग किया जाएगा। नर्तकों, गायकों, वादकों के परिधान एवं आभूषण परंपरागत एवं मूल होने चाहिए। निर्णायक मंडल द्वारा लिया गया निर्णय ही अंतिम और सर्वमान्य होगा। लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले दलों को दशहरा समिति कुल्लू द्वारा इनाम राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में जिला कुल्लू के इच्छुक लोक नृत्य दल 25 सितंबर से पहले जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01902-222406 पर संपर्क कर सकते हैं।