कुल्लू। विजिलेंस कुल्लू की टीम ने 50,000 रुपये रिश्वत लेते पकड़े एनएचएआई के इंजीनियर को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। विजिलेंस रिश्वत मामले में आरोपी से पूछताछ करेगी। मंगलवार को छह दिन का रिमांड खत्म होने के बाद विजिलेंस ने आरोपी इंजीनियर को कुल्लू की अदालत में पेश किया।
यहां से उसे 20 जनवरी तक रिमांड पर भेजा गया है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता और इंजीनियर के बीच फोन पर हुई बातचीत में रिश्वत की मांग की गई थी। ऐसे में अब विजिलेंस की टीम इंजीनियर की आवाज का मोबाइल में की रिकॉडिंग के साथ मिलान करने जा रही है। इसके लिए मंडी में वॉयस सैंपल लिया जाएगा।
इसी को देखते हुए विजिलेंस की टीम ने अदालत से रिमांड की मांग की थी। 10 जनवरी को विजिलेंस कुल्लू की टीम ने भुंतर में एनएचएआई के इंजीनियर को 50,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। डीएसपी विजिलेंस कुल्लू अजय कुमार ने कहा कि बिहार के छपरा के रहने वाले इंजीनियर दिवांशु कुमार को पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। मामले को लेकर जांच की जा रही है। संवाद