कुल्लू। जिले की खराहल घाटी के अंगू डोभी गांव में शनिवार रात को डेढ़ मंजिला मकान में आग लग गई। आधी रात करीब 02:20 बजे लगी आग में 50,000 रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों और दमकल टीम ने मिलकर बारिश के बीच आग पर काबू पा लिया है।
करीब पांच लाख की संपत्ति को जलने से बचा लिया है। अग्निकांड की घटना से ग्राम पंचायत चौकी डोभी के गांव अंगू डोभी में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने मकान में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जब आग लगी उस दौरान राज कुमार ही अकेला घर में सो रहा था, जो सुरक्षित बाहर निकल आया। फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि अंगू डोभी में राज कुमार पुत्र चेंहकू राम के मकान में आग लगी है। अग्निकांड में करीब 50,000 रुपये का नुकसान हुआ है। आग पर काबू पाने से पांच लाख की संपत्ति बचाई गई है। संवाद