कुल्लू में विधानसभा चुनावों की ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को स्ट्रांगरूम में जमा करवाने के लिए कड़ी ?
- फोटो : Kullu
कुल्लू/मनाली। मतदान के बाद अब सबकी नजर आठ दिसंबर को होने वाली मतगणना पर टिक गई है। इसके लिए करीब 25 दिन का इंतजार करना होगा। ऐसे में विधानसभा में हुई वोटिंग के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को स्ट्रांग रूम में कड़े पहरे में रखा है।
जिले की सभी ईवीएम मशीनों को विधानसभा स्तर पर उपमंडल मुख्यालय में लाकर स्ट्रांग रूम में रखा है। ईवीएम 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगी। मशीनें तीन सुरक्षा घेरों में रखी गई हैं। पहला घेरा केंद्रीय अर्धसैनिक बल यानी सीआरपीएफ के जवानों के पास रहेगा। दूसरे घेरे में बटालियन के जवान, तीसरा और अंतिम घेरा स्थानीय पुलिस का होगा। स्ट्रांग रूम का एसडीएम और तहसीलदार रोजाना निरीक्षण करेंगे। उपायुक्त भी बीच-बीच में निरीक्षण करते रहेंगे। जिला के सभी 568 पोलिंग बूथों से ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में लाया गया। अब इनको आठ दिसंबर के दिन मतगणना के लिए निकाला जाएगा।
उपायुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष गर्ग ने कहा कि सभी ईवीएम ओर वीवीपैट को बंजार, आनी, मनाली तथा कुल्लू में लाया गया है। चारों जगह पर बना स्ट्रांग रूम में मशीनों को रखा है। तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे के साथ ईवीएम सीसीवीटी कैमरे की निगरानी पर रहेगी। इसके अलावा एसडीएम मनाली सुरेंद्र ठाकुर, एसडीएम बंजार हेम चंद वर्मा, एसडीएम आनी नरेश वर्मा व सदर कुल्लू एसडीएम विकास शुक्ला समय-समय पर निरीक्षण करेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि हर स्ट्रांग रूम में ईवीएम की सुरक्षा तीन सुरक्षा घेरे में होगी।