मनाली (कुल्लू)। कुल्लू और मनाली के कचरे का निष्पादन करने वाले वाला कूड़ा संयंत्र केंद्र मनाली घुप अंधेरे में है। बिल अदा नहीं करने का हवाला देते हुए बिजली बोर्ड ने केंद्र का कनेक्शन काट दिया है। इस वजह से यहां पर कूड़े के निष्पादन कार्य प्रभावित हो गया है।
कूड़ा संयंत्र केंद्र के प्रभारी ने बिजली बोर्ड पर बिल अदा करने की अंतिम तिथि से पहले कनेक्शन काटने के आरोप लगाए हैं। केंद्र के प्रभारी प्रेम शर्मा ने बताया कि हमारी वित्तीय हालत बहुत ही खराब है। हमारे पास बिल भरने को भी पैसे नहीं हैं। दो सरकारी विभागों से पैसा नहीं आ रहा है। पिछले 6 महीने से भी अधिक समय से हमारे बिल फंसे हैं। इसकी वजह से प्लांट का संचालन करने में दिक्कत आ रही है। मजदूरों को भी समय पर पैसा नहीं दिया जा रहा है। ट्रक यूनियन मनाली को भी पैसे देने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली का बिल भरने की अंतिम तिथि 22 अगस्त थी। 83,667 रुपये बिल के जमा करने हैं। उसके बाद जुर्माने के साथ बिल की अदायगी 15 दिन के भीतर की जा सकती थी लेकिन बिजली बोर्ड ने इससे पहले ही कनेक्शन काट दिया।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता सुनील कालिया ने बताया कि प्लांट का पिछले महीने का बिल भी जमा नहीं हुआ है। उन्होंने बिल जमा करने के लिए समय मांगा था लेकिन वह जमा नहीं कर पाए। प्लांट प्रबंधन ने विभागों से पेमेंट नहीं मिलने का हवाला देते हुए खुद भी कनेक्शन काटने का मैसेज दिया था। उधर प्लांट प्रभारी का कहना है कि पुराना बिल अदा कर दिया है।