कुल्लू। जिला कुल्लू में अब बुजुर्गों और दिव्यांगों को उनके घर-द्वार पर ही कोरोना वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग मोबाइल वैन भेजकर बुजुर्गों और दिव्यांगों का टीकाकरण करवाएगा। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने वीरवार को कोरोना से बचाव और सैंपलिंग बढ़ाने को लेकर अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग की। उपायुक्त ने कहा कि जिला में सैंपलिंग को प्रतिदिन 1500 तक बढ़ाया जाएगा। सभी एसडीएम संवेदनशील स्थानों, मंदिरों, सब्जी मंडियों और अधिक भीड़ की आशंका वाले क्षेत्रों में लोगों की सैंपलिंग को सुनिश्चित करें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने मोबाइल में एप्लीकेशन फार्म डाउनलोड कर हर पंचायत में वैक्सीन से छूटे दिव्यांगजनों, बुजुर्गों और अन्य लोगों की घर-घर जाकर सूची बनाएंगी। सूची से पंचायत का पूरा रिकॉर्ड मिल जाएगा कि कितने लोग वैक्सीन लगवाने से छूटे हैं। इनमें दिव्यांगों और बुजुर्गों को मोबाइल वैन के माध्य से घर-द्वार पर ही वैक्सीन लगाई जाएगी। जिला में अभी भी काफी अधिक संख्या में लोग वैक्सीन नहीं लगवा पाए हैं। बीएमओ ग्राम पंचायत अनुसार खंड स्तर पर इस संबंध में डेटा का विश्लेषण भी करेंगे। कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता शिविरों का भी आयोजन होगा। सीडीपीओ को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से वैक्सीन से छूटे हुए लोगों की सर्वे रिपोर्ट दो दिन के भीतर पेश करने को कहा गया है। बीएमओ भी अभी तक छूटे हुए दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की वैक्सीनेशन की रिपोर्ट 24 अगस्त से पहले उपायुक्त को पेश करेंगे।