कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब एक साथ आठ मरीजों का डायलिसिस किया जाएगा। इसके लिए हंस फाउंडेशन को जिम्मा सौंपा गया है। फाउंडेशन ने अपनी सेवाएं आरंभ कर दी हैं। डायलिसिस सेवाएं सभी मरीजों के लिए निशुल्क रहेंगी।
डायलिसिस के मरीज या तीमारदार को उपचार के लिए किसी तरह का शुल्क अदा नहीं करना होगा। कुल्लू अस्पताल में शनिवार को मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने हंस फाउंडेशन की ओर से स्थापित डायलिसिस केंद्र का शुभारंभ किया। अस्पताल में इससे पहले राही केयर कंपनी डायलिसिस सेवाएं दे रही थी, लेकिन बिलों के भुगतान संबंधी समस्या के कारण कंपनी ने करीब तीन माह पहले 18 अक्तूबर से डायलिसिस सेवाएं बंद कर दी थीं।
सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के एक साल के कार्यकाल में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अनेक नवीनतम चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञों चिकित्सकों के सभी पदों को भरा गया है। कहा कि हंस फाउंडेशन की ओर से निशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यह सुविधा एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी के मरीजों को भी उपलब्ध होगी। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नागराज पवार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दोरजे अंगरूप आदि उपस्थित रहे।
...
चार जिलों के लोगों को मिलेगी सुविधा
जिला अस्पताल कुल्लू में करीब तीन माह डायलिसिस की सुविधा का लाभ चार जिलों के मरीजों को मिलेगा। जिला कुल्लू के साथ मंडी के द्रंग और बालीचौकी, लाहौल तथा चंबा के पांगी-किलाड़ के लोगों को डायलिसिस की सुविधा मिलेगी।
...
5.50 करोड़ के मिलेंगे नवीनतम उपकरण
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों को उपचार संबंधी परेशानियों से न जूझना पड़े, इसके लिए अस्पताल को सीएसआर के माध्यम से 5.50 करोड़ रुपये के नवीनतम एवं उच्च किस्म के उपकरण भी मिलेंगे। यह उपकरण मार्च तक आने की उम्मीद है। अस्पताल के मेडिकल वार्ड के आईसीयू और कार्डिक केयर वार्ड में वातानुकूलित सुविधा स्थापित की जाएगी।