मनाली। 26 अगस्त की बाढ़ के बाद से मनाली का जनजीवन सामान्य नहीं हुआ है। लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पिछले लगभग आठ दिनों से मनाली में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। सोमवार को पानी छोड़ा गया था लेकिन मनालसु खड्ड का जलस्तर बढ़ने से पेयजल योजना को फिर नुकसान पहुंचा है। इससे पहले 26 अगस्त काे बाढ़ के कारण पेयजल योजना को भारी नुकसान पहुंचा था। हालांकि जलशक्ति विभाग दिन-रात पेयजल लाइन को दुरुस्त करने में जुटा है। सोमवार को योजना लगभग ठीक कर दी गई थी। शहर के लिए लगभग 45 लाख लीटर पानी की सप्लाई की गई थी लेकिन रात को बारिश के कारण पेयजल योजना को नुकसान हुआ है जिससे पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। पानी का स्तर घटने के बाद ही योजना को पहुंचे नुकसान का पता चल सकेगा। जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता दीक्षांत शर्मा ने बताया कि सोमवार रात को हुई बारिश से पेयजल योजना को नुकसान पहुंचा है। पानी का का स्तर घटने के बाद पता चलेगा कि कितना नुकसान हुआ है और योजना को पुनः ठीक करने में कितना वक्त लगेगा। इसके अलावा मनाली के कई गांवों में बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोगों को ब्लैक आउट का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से कई गांव सप्ताह से अंधेरे में हैं।