कुल्लू में फोरलेन संघर्ष समिति के सदस्य मागों को लेकर प्रदर्शन करते हुए। -संवाद
- फोटो : Kullu
पतलीकूहल/कुल्लू। फोरलेन संघर्ष समित मांगों को लेकर 25 अगस्त को कुल्लू में सड़क पर उतरकर आवाज बुलंद करेगी। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजेगी।
यह निर्णय शनिवार को कटराईं में हुई फोरलेन संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में मौजूद लोगों ने पिछले सात वर्षों से फोरलेन प्रभावितों से न्याय न करने को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। फोरलेन संघर्ष समिति के मनाली क्षेत्र के अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर ने कहा कि 2013 में यूपीए सरकार के दौरान फोरलेन प्रभावितों को चार गुणा मुआवजा देने का प्रावधान है जो मोदी सरकार के आने पर लागू हुआ। सरकार सभी नियम कानूनों को ठेंगा दिखाकर लोगों को उनका हक नहीं दे रही है।
समिति से जुड़े देवेंद्र नेगी ने कहा कि सरकार प्रभावितों को हर बार उनकी बात को हल्के में रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा ने चार गुणा मुआवजे की बात को अपने घोषणापत्र में शामिल किया, लेकिन चुनाव जीतते ही सरकार वायदे से पीछे हट गई। समिति के जिला अध्यक्ष दिनेश सेन का कहना है कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ने लोगों के साथ धोखा किया है। दोनों ने प्रभावितों की भावना से खेलते हुए उन्हें उनका हक देने का लॉलीपॉप तो दिया, लेकिन हकीकत में उन्हें उनके चार गुणा मुआवजे के हक से महरूम ही रखा है।