जिला मुख्यालय स्थित देवसदन में श्याम संगीत सम्मेलन समिति ने स्व. प्रोफेसर श्याम लाल ठाकुर की 88वीं जयंती धूमधाम से मनाई। इस अवसर पर देवसदन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आकाशवाणी और दूरदर्शन के प्रथम श्रेणी के सरोदवादक कलाकार पंडित प्रभात कुमार ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रभात ने बनारस की होली और अन्य राग बजाकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। कृष्णा द्विवेदी ने राग शंकरा और तीन साल में छोटा ख्याल गाकर मीरा के भजन पर प्रस्तुति दी। प्रसिद्ध तबला वादक जाकिर अख्तर हुसैन ने तबले पर संगत कर अपनी अंगुलियों का कमाल दिया। जगदीश ठाकुर ने राग वागेश्री गाया, जिसमें तबले पर जितेंद्र ठाकुर और हारमोनियम पर पंडित विद्या सागर ने संगत की। श्याम संगीत सम्मेलन समिति के अध्यक्ष डॉ. सूरत राम ठाकुर ने कहा कि 16 सालों से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में काफी संख्या में संगीत प्रेमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ. दयानंद गौतम आदि मौजूद रहे।