कुल्लू के ढालपुर में लगी अस्थाई मार्केट में खरीदारी करने के लिए उमड़ी भीड़।-संवाद
कुल्लू। दशहरा और दिवाली के बाद भी शहर के बाजारों में खरीदारी का सिलसिला लगातार जारी है। ढालपुर में 21 नवंबर तक लगी दशहरा उत्सव की अस्थायी दुकानों पर रोजाना लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लाहौल, पांगी और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। सर्दियों का मौसम नजदीक होने के चलते लोग गर्म कपड़े, रजाई, कंबल और रोजमर्रा के इस्तेमाल का अन्य सामान खरीद रहे हैं। मेले में खरीदारी करने पहुंच रहे ग्रामीणों को उम्मीद है कि यहां उन्हें नियमित बाजार की तुलना में कम दाम पर सामान मिल जाएगा। इसी उम्मीद के साथ कई लोग परिवार सहित ढालपुर पहुंच रहे हैं। अस्थायी दुकानों में सर्दियों से संबंधित सामान की मांग अधिक देखी जा रही है। वहीं, महंगे किराये के चलते प्रदर्शनी मैदान में लगाए गए डोम को भी हटा दिया गया है। डोम के अंदर एक भी दुकान की बिक्री नहीं हो पाई थी। अब वहां रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने अपनी दुकानें सजा दी हैं। अस्थायी दुकानों को समेटने के लिए अब व्यापारियों के पास कम दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई व्यापारियों ने सामान के दाम घटाने शुरू कर दिए हैं। इससे लोगों को कम कीमत पर खरीदारी करने का अवसर मिल रहा है। व्यापारी मान सिंह, जीवन, अशोक, देवराज, पवन और संजय ने बताया कि इन दिनों लोग सबसे अधिक सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले सामान की खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें दुकानें महंगे किराये पर मिली हैं। इसके बावजूद वे देश के विभिन्न राज्यों से कारोबार करने के लिए यहां पहुंचे हैं। अब दुकानें समेटने का समय नजदीक है। खाली हाथ लौटने के बजाय कुछ नुकसान उठाकर भी सामान बेचना बेहतर है। इससे ग्राहकों को भी कम दाम पर जरूरत का सामान मिल रहा है।