मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर शमशी में ओवरटेक करते समय एक एचआरटीसी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी एचआरटीसी बस चालक के विरुद्घ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा एचआरटीसी बस चालक की लापरवाही व तेज गति से हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे एनएच 21 पर कुल्लू से मंडी की तरफ जा रही एक एचआरटीसी बस ने ओवरटेक करते समय भुंतर से कुल्लू की तरफ आ रही एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो लोगों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और घायलों को जोनल अस्पताल कुल्लू पहुंचाया। जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान संतोष पुत्र रामेश्वर साहू गांव सवाना डाकघर खुटा जिला आर बिहार और भगवंत सिंह पुत्र अधेरू शर्मा निवासी गांव व डाकघर देसई देवरिया जिला देवरिया उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों शमशी में किराये के मकान में रहते हैं। जबकि आरोपी चालक की पहचान बलवीर सिंह निवासी घुमारवीं के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है।
उधर, एएसपी निश्चिंत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आईपीसी की धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार दिया जा रहा है।