उपमंडल बंजार में बर्फ में पांव फिसलने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम बंजार के फागूधार निवासी 28 वर्षीय खेम देव का बर्फ में अचानक पांव फिसल गया जिससे वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से बंजार अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया, लेकिन शनिवार रात को युवक ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक कुल्लू पदम चंद ने कहा कि युवक की मौत के बाद पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने केस दर्जकर मामले की आगामी छानबीन शुरू कर दी है। उधर, फागूधार व इसके आसपास के गांवों में युवक की मौत केे बाद मातम छाया है।