केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के किरतिंग में बुधवार देर शाम को अज्ञात शातिर एक दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपये नकदी ले उड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना को लेकर साक्ष्य जुटाए। हालांकि अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक लाहौल के किरतिंग गांव में प्रताप कृषि सामान और उपकरणों की दुकान करता है। बुधवार शाम करीब सात बजे अंधेरा होने पर वह दुकान बंद कर निकल गया। कुछ देर बाद उसे याद आया कि वह दुकान के गल्ले में डेढ़ लाख रुपये नकदी भूल आया है। जब वह कैश लेने वापस पहुंचा तो दुकान का शट्टर का ताला टूटा हुआ देखकर हैरान रह गया। जांच करने पर पाया कि गल्ले में करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी गायब थी। जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। प्रताप का कहना है कि आसपास की दुकानें भी अंधेरा होने पर बंद हो गई थीं, लेकिन देर शाम सात से आठ बजे लाहौल घाटी में चोरी के इस मामले से सब हैरान हैं। बताया जा रहा है कि लाहौल में किसी दुकान में पहली बार इतनी बड़ी रकम पर चोरों ने हाथ साफ किया है। इधर, डीएसपी केलांग संजय शर्मा ने कहा कि किरतिंग निवासी दुकानदार प्रताप ने नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रख कर जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।