अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पार्वती वन मंडल के तहत गड़सा घाटी में देवदार के जंगलों में अवैध कटान जोरों पर है। गड़सा के रजियाड़ा बीट में देवदार के पेड़ कटान की भनक लगते ही जैसे ही वन विभाग की टीम ने दबिश दी तो कटान कर रहे वन माफिया मौके से फरार हो गए। वन विभाग को मौके पर देवदार के दस मोच्छे (गेलियां) बरामद हुई। इस लकड़ी की कीमत लाखों में है।
वन विभाग के आरओ रविंद्र गुलेरिया ने इसकी सूचना भुंतर पुलिस को दी है। जानकारी के अनुसार चार सितंबर की रात को वन विभाग को गुप्त सूचना मिली कि गड़सा के रजियाड़ा जंगल में अवैध कटान हो रहा है। इसके बाद आरओ रविंद्र गुलेरिया बीओ भूमि चंद भी वनरक्षक भूपेंद्र सिंह तथा बुद्धि सिंह के साथ मौके पर गए। रात करीब नौ बजे जैसे ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो वन माफिया को इसकी भनक लगी और अंधेरे में भाग निकले। हालांकि वन विभाग की टीम ने जंगल में तलाश की। लेकिन किसी का पता नहीं लग सका है। आरओ ने कहा कि वन विभाग ने पुलिस को इसकी शिकायत दे दी है और मौके से बरामद की गई लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी आशीष शर्मा ने कहा कि पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।