तेजधार हथियार और ईंटों से महिला की हत्या
भुंतर के कलैहली की घटना, निर्माणाधीन क्लब हाउस में खून से लथपथ मिला शव
पुलिस ने लिया घटना स्थल का लिया जायजा, हत्या का मामला दर्ज
एसपी शालिनी ने किया दौरा, फॉरेंसिंक टीम आज करेगी जांच
अमर उजाला ब्यूरो
भुंतर (कुल्लू)। पुलिस थाना भुंतर के कलैहली में निर्माणाधीन क्लब हाउस में तेजधार हथियार और ईंट से सिर और गले पर वार कर एक महिला की निर्मम हत्या की गई है। पुलिस ने मौके से खून से लथपथ ईंटें बरामद की हैं। मौके से सिम कार्ड समेत एक मोबाइल भी मिला है। शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम भी मौके का दौरा करेगी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने भी घटनास्थल का दौरा किया है।
पुलिस के अनुसार वीरवार दोपहर को कलैहली में एक लड़का अनार के पेड़ में रस्सी बांधने के लिए पहुंचा था। इस बीच निर्माणाधीन क्लब हाउस भवन में खून से लथपथ एक महिला का शव मिला। इसकी सूचना लड़के ने ग्रामीणों को दी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मौके पर पहुंचे भुंतर थाना प्रभारी अजय कुुमार ने घटना स्थल पर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से पूछताछ भी की। हालांकि अभी तक इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग पाया है। शव की पहचान कलैहली निवासी भावना उम्र 33 कर्म चंद की दूसरी पत्नी के रूप में हुई है। वीरवार को घर में कोई मौजूद नहीं था। दोपहर तीन बजे पुलिस को घर से कुछ ही दूरी पर निर्माणाधीन भवन में शव मिलने की सूचना मिली। चेहरे पर ईंट या पत्थर से कई वार करने के साक्ष्य मिले हैं। जबकि गले में पीछे की तरफ तेजधार हथियार से वार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि पुलिस सूचना के कुछ घंटों पहले ही हत्या हुई है। पुलिस शव का मंडी में पोस्टमार्टम करवाएगी। इधर, मामले की जांच एसएचओ अजय कुमार कर रहे हैं। इधर, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है। जल्द आरोपी गिरफ्तार होंगे। मामले में शक के दायरे में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। महिला के वीरवार दोपहर को घर से निकलने समेत अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जा रहा है।