अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर से मौहल तक डिस्ट्रिक मेजर रोड के दोनों ओर लोगों की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए लोनिवि ने फिर से अवैध कब्जाधारियों को नोटिस थमाए हैं। विभाग ने 118 कब्जाधारियों को एक हफ्ते का समय देते हुए जगह को स्वयं ही छोड़ने का अल्टीमेटम दिया है। यह नोटिस लोनिवि बंजार के अधिशासी अभियंता की ओर से जारी किए गए हैं। अगर कब्जे नहीं हटाए गए तो विभाग पुलिस की मदद से अवैध कब्जों पर डोजर चलाकर हटाएगा।
हालांकि इससे पहले लोनिवि ने अक्तूबर माह में नोटिस जारी किया था। विभाग ने एक माह का समय देते हुए स्वयं ही सड़क के किनारे किए कब्जों को हटाने को कहा था। नोटिस का समय खत्म होने के बाद सहायक अभियंता लोनिवि भुंतर ने अवैध कब्जों को हटाने के लिए अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर पुलिस अधीक्षक से पुलिस मदद की मांग की थी। लेकिन अब अधिशासी अभियंता ने अवैध कब्जाधारियों को अपनी ओर से नोटिस देकर एक सप्ताह का समय दिया है। हाईकोर्ट ने भुंतर से रामशिला तक डिस्ट्रिक मेजर रोड (डीएमआर) के दोनों तरफ किए गए अवैध कब्जों को हटाने के आदेश दिए हैं। इसके तहत लोनिवि ने कार्रवाई शुरू की है। बंजार और कुल्लू लोनिवि ने अपने-अपने क्षेत्र के तहत किए करीब 175 अवैध कब्जाधारियों को नोटिस दिए थे। लोनिवि बंजार के अधिशासी अभियंता चमन लाल ठाकुर ने कहा कि उन्होंने 118 लोगों को फिर से नोटिस देकर एक सप्ताह का समय दिया है। इसके बाद पुलिस की मदद से विभाग डोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटा देगा। इसका खर्च संबंधित कब्जाधारी से वसूल किया जाएगा।
अभी तक महज 40 लोगों ने स्वयं हटाया कब्जा
कुल्लू। भुंतर से मौहल तक लोनिवि ने प्रथम चरण में 118 लोगों को अवैध कब्जा हटाने का नोटिस दिया था। इसके तहत अभी तक करीब 40 लोगों ने कब्जों को छोड़ दिया है। इसमें कई लोगों ने अपने घरों का कोना, दुकान की दीवार सहित पार्किंग व बरामदा को तोड़ कर छोड़ दिया है। लोनिवि भुंतर के सहायक अभियंता एसके धीमान ने कहा कि लोग स्वयं अवैध कब्जों को हटा रहे हैं।