स्वार (रामपुर)। डेढ़ माह पूर्व नहर में मिले शव की हत्या के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 18 सितंबर को स्वार-बिलासपुर मार्ग स्थित गांव इमरता राय नहर की पुलिया के नीचे थाना भोट के गांव खोदपुरा निवासी 20 वर्षीय गुड्डू का शव मिला था। गांव निवासी राजू उसके पिता विजय सिंह व तहसील क्षेत्र के मीरापुर मीरगंज निवासी रमेश के खिलाफ मृतक के भाई राकेश ने हत्या करने की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि मृतक का दोस्त व नामजद आरोपी राजू स्वार-बाजपुर मार्ग स्थित बिलासपुर तिराहे पर कहीं जाने की फिराक में है। जिसपर पुलिस ने छापामार कर राजू को गिरफ्तार कर लिया और चलान कर जेल भेज दिया। कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया की अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।